देवास में नगर सैनिक की दबंगई का वीडियो वायरल: खुद को ‘मुख्यमंत्री का मामा का भांजा’ बताकर दी जान से मारने की धमकी

    देवास (मध्य प्रदेश)। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देवास जिले के टोंकखुर्द थाने में पदस्थ नगर सैनिक राम प्रसाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह शराब के नशे में धुत होकर एक ढाबा संचालक पर जमकर दबंगई, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां देता दिखाई देता है।

    “मेरे नाम से पूरी देवास कांपती है” — वीडियो में नगर सैनिक का दावा

    वायरल वीडियो में नगर सैनिक का रवैया बेहद आक्रामक दिखता है। वह खुलेआम खुद को कानून से ऊपर बताते हुए कहता है—

    “मेरे नाम से पूरी देवास कांपती है… चाहे नौकरी आज जाए या कल, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

    नशे में धुत नगर सैनिक इतना आगे बढ़ गया कि उसने खुद को मुख्यमंत्री मोहन यादव का भांजा बताते हुए उन्हें “मामा” कहकर संबोधित किया। उसका दावा—

    “मुख्यमंत्री मेरा मामा है, मैं पंवासा का रहने वाला हूं… जो कर सकता है कर ले।”

    गौतम सिंह राजपूत का नाम लेकर धमकाने की कोशिश

    वीडियो में नगर सैनिक टोंककला के गौतम सिंह राजपूत का नाम भी लेते हुए ढाबा संचालक और युवक को डराने की कोशिश करता दिखाई देता है।

    घटना के दौरान वह एक युवक से विवाद करता दिखा, जिसमें वह बार-बार धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करता रहा। वीडियो सामने आने के बाद घटना ने और तूल पकड़ लिया है।

    ढाबा संचालक की शिकायत दर्ज करने की तैयारी

    ढाबा संचालक और वहां मौजूद युवक ने इस पूरी दबंगई की शिकायत पुलिस में करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में वर्दी का दुरुपयोग पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इस मामले में तुरंत और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

    स्थानीय स्तर पर एक्शन की मांग तेज

    घटना सामने आने के बाद आम लोगों और सोशल मीडिया पर प्रदेश पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसी हरकत करने वाले नगर सैनिक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि वर्दी की प्रतिष्ठा बनी रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *