विशेष बच्चों ने मंच से बिखेरी प्रतिभा, स्पंदन ऑटिज्म केयर फाउंडेशन का कार्यक्रम सम्पन्न

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में दिव्यांग विशेष बच्चों के कल्याण और समावेशी शिक्षा को समर्पित संस्था स्पंदन ऑटिज्म केयर फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विशेष बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष बच्चों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य और संगीत से हुई। मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतियां देते बच्चों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और आत्मबल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। अभिभावकों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान नगर निगम इंदौर के सभापति एवं मुख्य अतिथि मुन्ना यादव ने अपने संबोधन में संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों के आत्मसम्मान और विकास के लिए ऐसे समर्पित प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के विकास में माता-पिता, शिक्षकों और समाज की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, प्रशिक्षण और समावेशी विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

स्पंदन ऑटिज्म केयर फाउंडेशन मानसिक रूप से दिव्यांग, ऑटिज्म एवं श्रवण बाधित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है। संस्था अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से विशेष बच्चों को सुरक्षित, संवेदनशील और पोषक वातावरण प्रदान करती है। संस्था का मानना है कि प्रत्येक बच्चा विशिष्ट प्रतिभा के साथ जन्म लेता है और सही मार्गदर्शन से वह अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास कर सकता है।

कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जिनमें विशेष बच्चे, उनके अभिभावक, शिक्षक, विशेषज्ञ और स्वयंसेवक शामिल रहे। पूरे आयोजन के दौरान उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। संस्था द्वारा बताया गया कि स्पंदन ऑटिज्म केयर फाउंडेशन अब तक सैकड़ों विशेष बच्चों को सहयोग प्रदान कर चुका है। भविष्य में विशेष शिक्षा कक्षाओं के विस्तार, सेंसरी रूम तथा अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं की स्थापना की योजना है, जिससे और अधिक बच्चों को लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *