मेस ठेके में गड़बड़ी के आरोप, नोटिस के बावजूद नवीनीकरण की कोशिशों में ‘डील’ के आरोप

भोपालः मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित श्रमोदय आवासीय विद्यालय में मेस संचालन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। खराब गुणवत्ता और भोजन में कमी को लेकर नोटिस जारी होने के बावजूद मेस ठेके के नवीनीकरण की कोशिशों पर कथित रूप से बड़े स्तर पर सौदेबाजी के आरोप लगे हैं।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार ‘कंसोर्टियम सर्विसेज’ के संचालकों द्वारा मेस का ठेका जारी रखने के लिए कथित तौर पर मोटी रकम दी गई। बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया में मंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र तिवारी, लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के पूर्व अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, भाजपा नेता राहुल सोलंकी के माध्यम से डील कराई गई।

आरोप है कि मेस संचालक सोविल राज रिछारिया, नीलेश त्रिवेदी और सुमित चौहान ने ठेका बनाए रखने और अगले दो वर्षों तक मेस संचालन जारी रखने के लिए प्रभावशाली माध्यमों का सहारा लिया। सूत्रों के अनुसार यह डील मंत्री के बंगले के माध्यम से तय होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि श्रमोदय आवासीय विद्यालय प्रबंधन ने पहले ही मेस संचालकों को भोजन की खराब गुणवत्ता और छात्रों को दिए जाने वाले भोजन में कमी को लेकर नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद ठेके के नवीनीकरण की कोशिशें प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही हैं।

मामले में संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होती है, तो पूरे प्रकरण में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *