भोपाल, 30 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय में मेस संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताएँ सामने आने पर विद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मेस पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई है, वहीं मेस संचालक संस्था को भी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार छात्र-छात्राओं द्वारा मेस से खाद्य सामग्री एवं बर्तन अनधिकृत रूप से छात्रावास में ले जाने की शिकायतें मिली थीं। विद्यालय प्रशासन ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए कहा कि इससे परिसर में अस्वच्छता फैलने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
आदेश में उल्लेख है कि मेस पर्यवेक्षक को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए, जो कर्तव्य में लापरवाही को दर्शाता है। उन्हें तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने तथा मेस संचालन को नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसी क्रम में मेस संचालक ‘कंसोर्टियम सर्विसेज’ को भेजे पत्र में भोजन व्यवस्था की कई खामियों का उल्लेख किया गया है। शिकायतों में कर्मचारियों की कमी, साफ-सफाई का अभाव, दाल और सब्जियों में अत्यधिक पानी, चावल का अधपका या गीला होना, चाय की खराब गुणवत्ता तथा पर्याप्त बर्तनों की कमी शामिल हैं।
इसके अलावा कई बार भोजन की मात्रा छात्र संख्या के अनुरूप पर्याप्त नहीं पाई गई, जिससे पुनः भोजन बनाने की स्थिति बनती है और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित होती हैं। प्रशासन ने संचालक को सभी कमियों को शीघ्र दूर कर व्यवस्था सुधारने और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
वही विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी इस मामले में विद्यालय प्रबंधन को कई बार शिकायत भी की है। विद्यार्थीयों का कहना है कि गुणवत्ताहीन भोजन के साथ ही उन्हें न तो टाइट चार्ट के अनुसार भोजन मिलता है और न ही दूध आदि सामग्री उपलब्ध होती है अगर दूध मिलता भी है तो वह सफेद पानी से जायदा कुछ नहीं होता।
जबकि इस पूरे मामले पर लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने इस मामले पर बात करना उचित नहीं समझा। सूत्र बताते है कि इस मामले में संचालनालय और शिक्षा विभाग के अधिकारी और मंत्री उक्त मेस संचालक ‘कंसोर्टियम सर्विसेज’ को पुनः नवीनीकरण कर मेस संचालन का कार्य देने के इच्छुक है जिसको लेकर छात्रों और विद्यालय प्रबंधन में आक्रोश का महौल है।


